नई दिल्ली | देश के कई हिस्सों में मानसून अब अपना विकराल रूप दिखा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। दिल्ली के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।
दिल्ली में हाई अलर्ट, 24 घंटे में बिगड़ सकता है हालात
रविवार को दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश के बाद तापमान गिरा, लेकिन अब IMD ने सोमवार को और अधिक खतरनाक हालात की आशंका जताई है। तेज़ हवाएं, बिजली गिरना, जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसे हालात आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर सकते हैं।
यूपी के 15 जिलों में मूसलधार बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 14 जुलाई को बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी सहित 15 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा, हिमाचल में रेड अलर्ट
उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और रास्ते अवरुद्ध होने की घटनाएं पहले ही सामने आ चुकी हैं। हिमाचल प्रदेश में 14 से 17 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है। कांगड़ा और सिरमौर जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर भी अलर्ट पर
हरियाणा, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी भारी बारिश के आसार हैं। इन राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
IMD की सख्त चेतावनी:
- अनावश्यक बाहर निकलने से बचें
- नदियों और नालों के आसपास न जाएं
- पहाड़ी इलाकों में यात्रा टालें
- प्रशासनिक अलर्ट और मौसम अपडेट पर नज़र रखें
ये सिर्फ बारिश नहीं, तबाही का संकेत है!
आने वाले 3–4 दिन हर नागरिक के लिए सतर्कता के हैं — ज़रा सी लापरवाही, बड़ी मुसीबत में बदल सकती है।