Summer express, धर्मवीर, मंडी। बीएड में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी ने खाली पड़ी बीएड की 370 सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसलिंग का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि इन सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा नहीं देने वाले पात्र अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। ओपन काउंसलिंग 31 अगस्त और 1 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।
एसपीयू के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत मंडी और कुल्लू जिलों के 12 बीएड कॉलेज संचालित हैं। इन कॉलेजों में कुल 1450 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें से 150 सीटें मैनेजमेंट कोटे की हैं। शेष 1300 सीटों पर प्रवेश के लिए अब तक दो चरणों की काउंसलिंग आयोजित की जा चुकी है। इन दोनों चरणों में 930 सीटों पर दाखिला हो चुका है, जबकि 370 सीटें अभी भी खाली हैं।
उन्होंने बताया कि पहले खाली सीटों पर प्रवेश के लिए केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में शामिल होने की अनुमति थी, जिन्होंने बीएड प्रवेश परीक्षा दी थी। इस बार विश्वविद्यालय ने यह शर्त हटा दी है। अब 370 रिक्त सीटों के लिए सभी पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को 31 अगस्त या 1 सितंबर को आवश्यक दस्तावेजों के साथ ओपन काउंसलिंग में उपस्थित होना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से उन विद्यार्थियों को भी बीएड में प्रवेश का अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर समय से पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।