Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमडी, एमएस सहित विभिन्न स्नातकोत्तर डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 30 अगस्त को नीट-पीजी परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला हमीरपुर में इस परीक्षा के लिए तीन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अभिषेक गर्ग ने शुक्रवार को जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में तीनों परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
हमीरपुर जिले में नीट-पीजी परीक्षा के लिए आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड हमीरपुर, न्यू गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोपालनगर, पक्का भरो तथा सेवन स्टार इंटरनेशनल स्कूल बणी, बड़सर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा का संचालन एनबीईएमएस द्वारा टीसीएस के माध्यम से ऑनलाइन प्रणाली से किया जाएगा।एडीसी ने एसडीएम हमीरपुर और एसडीएम बड़सर के साथ संबंधित पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।उन्होंने बताया कि नीट-पीजी परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों का केंद्र में प्रवेश सुबह 7 बजे से शुरू होगा। इसके अलावा परीक्षा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली बोर्ड के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।