Summer express/अंबाला -:अंबाला में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज और मंत्री कृष्ण लाल पवार ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन में नशामुक्ति, स्वच्छता, विज्ञान एवं तकनीक और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर दिए गए संदेशों की अनिल विज ने सराहना की। विज ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों, भाषाओं और परिस्थितियों में रहने वाले लोगों को जोड़ने का काम करती है। उन्होंने लोगों से आने वाले त्योहारों के दौरान अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों का इस्तेमाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
अंबाला कैंट में आयोजित कार्यक्रम में अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम लोगों को लगातार प्रेरित करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे एक दौर में रामायण देखने के लिए सड़कें तक खाली हो जाती थीं, उसी तरह लोग महीने के आखिरी रविवार को प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ सुनने का इंतजार करते हैं। विज ने प्रधानमंत्री को अपना ‘फ्रेंड, फिलॉसफर और गाइड’ बताते हुए कहा कि मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नए प्रयोगों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को सामने लाकर दूसरों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।विज ने नशामुक्ति को लेकर प्रधानमंत्री के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। वहीं स्वच्छता को लेकर उन्होंने कहा कि केवल सरकारी कर्मचारियों के भरोसे स्वच्छ भारत का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि आम लोगों को भी सफाई की जिम्मेदारी उठानी होगी। उन्होंने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री के ‘लोकल फॉर वोकल’ संदेश पर विज ने कहा कि त्योहारों के मौसम में लोगों को संकल्प लेना चाहिए कि वे ज्यादा से ज्यादा देश में बने और स्थानीय उत्पादों का इस्तेमाल करेंगे।
वहीं, विधानसभा में सिख दंगों के विरोध में लगाए गए पोस्टर को कांग्रेस द्वारा फाड़े जाने के मामले पर भी अनिल विज ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पोस्टर इसलिए हटाया क्योंकि संबंधित नेता कांग्रेस के लिए सम्मानित रहे हैं।मंत्री कृष्ण लाल पवार ने भी प्रधानमंत्री के संदेशों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से नशे से दूर रहने और देश में निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा देने की अपील की है। पवार ने कहा कि लोगों को विदेशी सामान की जगह भारतीय और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।