Summer express ,बठिंडा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा प्रशासन ने कथित अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धौबियाणा बस्ती में एक इमारत को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र में की गई। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।
प्रशासन के अनुसार, धौबियाणा बस्ती में जसप्रीत कौर पत्नी इंद्रजीत सिंह की ओर से किए गए निर्माण को लेकर पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे। संबंधित व्यक्ति को कब्जा हटाकर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जगह खाली नहीं की गई। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी एवं उपायुक्त-सह-मजिस्ट्रेट के निर्देश पर प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन का कहना है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नशा कारोबार से कथित रूप से जुड़े लोगों के अवैध कब्जों और निर्माणों पर भी कार्रवाई की जा रही है। जिले में अब तक 19 ऐसी इमारतों को गिराए जाने का दावा किया गया है।
17 महीने में 3177 केस दर्ज, 4487 गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत बठिंडा में एक मार्च 2025 से अब तक नशा तस्करी से संबंधित 3177 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 4487 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 113 कथित बड़े नशा तस्कर भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक नशा तस्करी से जुड़े मामलों में 92 आरोपितों की करीब 14.89 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जसप्रीत कौर पर पहले से दो मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, जसप्रीत कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के बाद इमारत से जुड़े तथ्यों और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
बठिंडा पुलिस ने लोगों से नशे की बिक्री और तस्करी से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। इसके लिए पंजाब सरकार की नशा विरोधी हेल्पलाइन 97791-00200 और बठिंडा पुलिस की हेल्पलाइन 91155-02252 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।