Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी HRTC ने कमर कस ली है। 25 अगस्त से शुरू हुई यात्रा को देखते हुए निगम ने भरमौर तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने की तैयारी की है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर प्रदेश के अलग-अलग डिपो से अतिरिक्त बसें चंबा भेजी जाएंगी।
HRTC के डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि यात्रा की परिवहन व्यवस्था को लेकर चंबा के डीडीएम को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह यात्रा के दौरान परिवहन व्यवस्था के ओवरऑल प्रभारी होंगे। इसके अलावा चंबा और भरमौर में अड्डा एवं मेला इंचार्ज तैनात किए जाएंगे, जो बसों की मांग के अनुसार तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की जरूरत और यात्रियों की संख्या के आधार पर प्रदेश के विभिन्न डिपो से अतिरिक्त बसें चंबा भेजी जाएंगी। यात्रा के दौरान बसों की तकनीकी स्थिति पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए तकनीकी स्टाफ की अस्थायी तैनाती की गई है, ताकि केवल तकनीकी रूप से फिट बसों को ही रूट पर भेजा जाए।HRTC ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 100 प्रतिशत फिक्स्ड प्वाइंट चेकिंग, फ्लाइंग स्क्वाड और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की है। चंबा, भरमौर और पठानकोट में कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे, जहां से यात्रा के दौरान परिवहन व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।पंकज चड्ढा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि परिवहन से जुड़ी किसी भी आवश्यकता या समस्या के लिए नजदीकी बस अड्डे के इंचार्ज अथवा जारी किए गए कंट्रोल रूम नंबरों पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा पूरी कर सकुशल अपने घर लौट सकें।