समर न्यूज। पटियाला
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में अपना संगठनात्मक आधार बढ़ाने की कोशिश तेज कर दी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में पंजाब के पटियाला, मानसा, संगरूर, पातड़ां और लहरागागा से करीब 40 लोग भाजपा में शामिल हुए। इनमें आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े रहे कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल हैं।
पार्टी में शामिल होने वालों में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मनप्रीत कौर, किसान नेता निर्मल सिंह और किसान रामपाल लब्बल के अलावा कारोबारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ठेकेदार और पूर्व सैनिक शामिल हैं।
भाजपा ने इसे पंजाब में अपने जनाधार के विस्तार के तौर पर पेश किया है। लहरागागा क्षेत्र में अलग-अलग राजनीतिक दलों और सामाजिक वर्गों से लोगों का एक साथ पार्टी में आना स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सैनी ने साधा आप पर निशाना: नायब सैनी ने कहा कि पंजाब के लोगों में आम आदमी पार्टी सरकार को लेकर निराशा बढ़ रही है और वे भाजपा को विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि लगातार जनसेवा और विकास के लिए काम करती है।
सैनी ने पार्टी की प्राथमिकताओं में विकास, सुशासन और जनसेवा को प्रमुख बताया। भाजपा के प्रदेश महासचिव रांझा बख्शी समेत कई स्थानीय पदाधिकारी भी सदस्यता कार्यक्रम में मौजूद रहे। पार्टी का कहना है कि विभिन्न वर्गों से लोगों के जुड़ने से लहरागागा और आसपास के क्षेत्रों में संगठन मजबूत होगा। यह विस्तार ऐसे समय हुआ है जब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पंजाब में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं।