Summer Express, नई दिल्ली। गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट के एक इंजन में मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी आने के बाद विमान को वापस गोवा एयरपोर्ट लौटना पड़ा। स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने कुछ समय के लिए ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित की। विमान को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह 9:16 बजे गोवा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी सामने आई। इसके बाद पायलट ने विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया। सुबह करीब 9:30 बजे ATC ने विमान की सुरक्षित वापसी को देखते हुए ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित की।
विमान सुबह 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित उतरा और उसे स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया। इसके बाद सुबह 10:03 बजे ATC ने ‘फुल इमरजेंसी’ समाप्त कर दी।
लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर बोर्डिंग क्षेत्र में ठहराया गया। विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। इंजन में आई खराबी की विस्तृत वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
एविएशन ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार, विमान दक्षिणी महाराष्ट्र के तट के ऊपर से गोवा की ओर वापस लौट रहा था। एयरपोर्ट की ओर मुड़ते समय विमान करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
विमान की तकनीकी जांच और आवश्यक मंजूरी के बाद दिल्ली जाने वाली उड़ान का समय बदलकर दोपहर 3:30 बजे कर दिया गया है। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को आगे की उड़ान से संबंधित जानकारी दी जा रही है।