Summer express , चंडीगढ़। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में पता चला कि मनजीत कौर करीब साढ़े तीन महीने की गर्भवती थीं। मामले की जांच जारी है।
डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (साउथ) गुरजीत कौर ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान मनजीत के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मनजीत कौर की मां ने 26 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 3 जुलाई की रात 3-4 लोगों ने मनजीत को सेक्टर-34 स्थित एक शराब के ठेके के पास बुलाया था। आरोप है कि वहां से उसे जबरन कार में बैठाकर मोरिंडा ले जाया गया।
परिजनों का आरोप है कि मोरिंडा पहुंचने के बाद आरोपियों ने मनजीत के साथ मारपीट की और उसे पेड़ से बांधकर आग लगा दी। इस दौरान एक परिचित युवक ने मनजीत को आग की लपटों से घिरा देखा और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मनजीत का करीब दो महीने तक अस्पताल में इलाज चला। हालत गंभीर होने के कारण उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी और 26 अगस्त को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई गर्भावस्था की जानकारी के बाद जांच का दायरा और महत्वपूर्ण हो गया है।