Summer express , रूपनगर। श्री चमकौर साहिब के नजदीकी गांव भैरों माजरा के पास बुधवार सुबह सरहिंद नहर का एक किनारा अचानक टूट गया। नहर से निकला पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैलने लगा, जिससे कई गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में तीन मोटरसाइकिलों के तेज बहाव में बहने की सूचना है। हालांकि, घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नहर का किनारा टूटने के बाद पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। इसी दौरान भैरों माजरा गांव के कुछ युवक जिम जाने के लिए मोटरसाइकिलों से निकले थे। अचानक पानी भरने और जमीन धंसने के कारण वे संतुलन खोकर गिर गए। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिलें हाथ से छूटकर पानी के तेज बहाव में बह गईं। युवकों ने किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों के अनुसार, नहर के किनारे से पिछले कुछ दिनों से पानी का रिसाव हो रहा था। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में संबंधित विभाग को जानकारी भी दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते रिसाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते तो नहर का किनारा टूटने से रोका जा सकता था। घटना के बाद लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर स्थिति को संभालने और नहर के टूटे हिस्से को भरने का प्रयास किया। आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जसवीर सिंह गढ़ी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ पानी के बहाव को नियंत्रित करने तथा टूटे किनारे को बंद करने के प्रयासों में शामिल हुए।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नहर से पानी के बहाव को रोकने और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि नहर में हुए रिसाव की पहले से मिली सूचना पर लापरवाही की जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।