Summer express , पंचकूला। अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। कई घंटे तक लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद दोपहर तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। फैक्ट्री से उठती आग की लपटों और घने धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम मन्नत राणा, थाना प्रभारी रामपाल सिंह और चौकी इंचार्ज गुरमेल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दमकल विभाग की कार्रवाई का जायजा लिया। अधिकारियों की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
फैक्ट्री में आग लगने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा। इसी तरह आग लगने के कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर नियंत्रण पाने में जुटी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि आग के फैलने की किसी भी आशंका को रोका जा सके।