Summer express , नंगल । नंगल के डब्ल्यूसी ब्लॉक के पास किसान मंडी रोड स्थित मार्केट में छत की मरम्मत करने गए दो युवक हाई वोल्टेज बिजली तारों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। दोनों युवक सगे भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार किसान मंडी रोड पर बनी मार्केट की अधिकांश दुकानें लोहे की टीन से तैयार की गई हैं। बताया गया कि एक दुकान की छत से पानी टपकने की समस्या थी। इसी की मरम्मत करने के लिए रेलवे रोड निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू और उसका भाई राजन छत पर चढ़े थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में दोनों आ गए।
बिजली के करंट की चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
नंगल थाना पुलिस के एएसआई बलराम ने बताया कि हादसे में दीपक उर्फ दीपू और राजन गंभीर रूप से झुलसे थे। दोनों को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान राजन की मौत हो गई। वहीं दीपक का पीजीआई में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार दीपक और राजन, अखिलेश के पुत्र और रेलवे रोड के रहने वाले थे। दोनों सगे भाई थे। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और उनके आधार पर मामला दर्ज किया। मृतक राजन का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली की हाई वोल्टेज तारों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।