लक्की मेहता| लुधियाना
समर न्यूज
ग्लाडा की ओर से विकसित जमालपुर के सेक्टर-32 और 39 मार्केट में अतिक्रमण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दुकानदारों ने फुटपाथों पर सामान सजा रखा है तो कई जगह सड़क तक कब्जा कर लिया गया है। हालात यह हैं कि जिन फुटपाथों पर लोगों को पैदल चलना चाहिए, वहां दुकानदारी हो रही है। मजबूरन लोगों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ रहा है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मार्केट में केवल दुकानों के आगे का अतिक्रमण ही समस्या नहीं है। जगह-जगह अवैध रेहड़ियां और फड़ियां लगने से सड़कें और संकरी हो गई हैं। सामान सड़क तक फैला होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहती है और पीक टाइम में जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
कार्रवाई नहीं तो निगरानी पर सवाल
अतिक्रमण के बढ़ते दायरे को लेकर अब ग्लाडा के फील्ड अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। लोगों का कहना है कि यदि अधिकारी नियमित रूप से मौके का निरीक्षण करते और अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई करते तो हालात इतने खराब नहीं होते। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर सड़क और फुटपाथ पर लगातार कब्जे होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।
ग्लाडा के सीए विकास हीरा ने स्पष्ट किया कि एस्टेट ऑफिस की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मार्केटों में अवैध कब्जों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फील्ड स्तर पर अधिकारियों की भूमिका पर भी नजर रखी जाएगी। यदि कहीं लापरवाही सामने आती है तो उसके लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी।