Summer express, जालंधर। थाना बस्ती बावा खेल क्षेत्र के बस्ती पीर दाद रोड स्थित गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में वीरवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर धुएं से भर गया। गनीमत रही कि समय रहते फैक्ट्री में मौजूद करीब 12 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे फैक्ट्री के अंदर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने स्थिति को भांपते हुए फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालना शुरू किया। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई। गद्दे और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री ज्वलनशील होने के कारण कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की ऊंची लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की तीव्रता को देखते हुए करीब 10 दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। दमकलकर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने की कोशिश जारी रही।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग से फैक्ट्री में हुए वास्तविक नुकसान का अभी आकलन नहीं किया गया है। थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।