summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा सरकार ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए अंबाला में संचालित ग्रीन इलेक्ट्रिक बसों में छात्र-छात्राओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू की है। सरकार की इस पहल का विद्यार्थियों और यात्रियों ने स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के लिए आने-जाने वाले छात्रों के लिए बड़ी राहत बताया है।
अंबाला छावनी बस अड्डा प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि अंबाला में फिलहाल करीब 25 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। इन बसों से प्रतिदिन लगभग 5 से 6 हजार यात्री सफर करते हैं। अब इन बसों में सभी विद्यार्थियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
बस परिचालक ईश्वर सिंह ने बताया कि मुख्य महाप्रबंधक के निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। बसों में सफर करने वाले छात्रों को इस योजना की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह वातानुकूलित हैं, जिससे विद्यार्थियों समेत अन्य यात्रियों को भी आरामदायक सफर मिल रहा है।
विद्यार्थियों का कहना है कि रोजाना स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक बस से आने-जाने में उन्हें इस सुविधा से काफी राहत मिलेगी। छात्रों के मुताबिक मुफ्त यात्रा शुरू होने से उनके अभिभावकों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा। खासकर रोजाना सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
विद्यार्थियों रंजीत, मंजीत सिंह और ऋचा ने सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि निशुल्क बस यात्रा से पढ़ाई के लिए आने-जाने में सुविधा होगी और यात्रा पर होने वाला खर्च भी बचेगा।