Summer express/ऊना, राकेश-: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को ऊना स्थित राधा-कृष्ण मंदिर संत बाबा बाल आश्रम पहुंचकर संत बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद लिया। निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे की देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री ने आश्रम में कुछ समय संत बाबा बाल जी महाराज के सानिध्य में बिताया। इसके बाद आश्रम के प्रवचन मंच पर संत बाबा बाल जी महाराज ने नायब सिंह सैनी को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।अपने संबोधन में हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि हिमाचल के इस पवित्र स्थल पर आकर उन्हें सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि संत बाबा बाल जी महाराज का आश्रम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद, असहाय और निर्धन लोगों की सेवा का भी महत्वपूर्ण स्थान है। यहां सत्संग के साथ मानव सेवा को भी प्राथमिकता दी जाती है।
नायब सिंह सैनी ने ऊना के राधा-कृष्ण मंदिर का जिक्र करते हुए कुरुक्षेत्र स्थित उस पवित्र कृष्ण भूमि का भी उल्लेख किया, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत के युद्ध के दौरान अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया था। उन्होंने ऊना की कृष्ण भक्त जनता से कुरुक्षेत्र स्थित कृष्ण ज्ञान भूमि पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीब 12 वर्ष के केंद्रीय कार्यकाल में सनातन और हिंदुत्व का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में सनातन आस्था से जुड़े कई प्रमुख धार्मिक स्थलों का भव्य निर्माण और जीर्णोद्धार हुआ है। इनमें अयोध्या का श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, उज्जैन का महाकाल मंदिर और गुजरात का सोमनाथ मंदिर सहित अनेक तीर्थ स्थल शामिल हैं।नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र स्थित कृष्ण ज्ञान भूमि के जीर्णोद्धार और विकास के लिए केंद्र की मोदी सरकार की ओर से 250 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जल्द ही इस धार्मिक स्थल का भव्य विकास करेगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान ऊना के सैनी समाज की ओर से भी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत एवं सम्मान किया गया और उन्हें स्मृति प्रतीक भेंट किया गया।इस अवसर पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा, ऊना सदर के विधायक सतपाल सत्ती, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, कुटलैहड़ के पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो, गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, पंजाब के रूपनगर के भाजपा जिलाध्यक्ष अजय सिंह सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।