Summer express , पठानकोट । पठानकोट शहर में एक महिला के खुद को आग लगाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस घटना में वह करीब 80 फीसदी झुलस गई। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला ने अपने बेटे पर नशे का आदी होने और पैसों के लिए लगातार परेशान करने के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका बेटा बार-बार उससे पैसों की मांग करता था और इसी वजह से वह काफी परेशान थी। आरोप यह भी है कि बेटे ने अपनी मां की बालियां छीन ली थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार कर रहे हैं। फिलहाल महिला के खुद को आग लगाने के पीछे के पूरे कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।