Summer express , मंडी | पैड़ी गांव की रहने वाली सुहानी भारती ने NEET UG परीक्षा को अपने पहले ही प्रयास में बिना किसी कोचिंग के सफलतापूर्वक पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुहानी ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
सुहानी भारती ने अपनी दसवीं तक की पढ़ाई बसंत मेमोरियल स्कूल, पैड़ी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्लस वन और प्लस टू की पढ़ाई क्रिसेंट स्टार स्कूल, रत्ती से पूरी की। NEET UG की तैयारी के लिए सुहानी ने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया और स्वयं अध्ययन करते हुए परीक्षा की तैयारी की।
सुहानी बचपन से ही अपने नाना हेम सिंह और नानी निर्मला देवी के साथ रही हैं। नाना-नानी के स्नेह, मार्गदर्शन और सहयोग के साथ सुहानी ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और डॉक्टर बनने के अपने सपने की ओर कदम बढ़ाया।
पहले ही प्रयास में बिना कोचिंग NEET UG जैसी कठिन परीक्षा को पास करना सुहानी की मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पैड़ी गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सुहानी की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो बिना महंगी कोचिंग के अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। सुहानी ने अपनी उपलब्धि से यह संदेश दिया है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ सीमित संसाधनों में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। परिवार और क्षेत्रवासियों ने सुहानी भारती को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।