फरीदाबाद | फरीदाबाद के पलवल में STF को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 15 संगीन मामलों में वांछित और 2024 में पुलिस पर फायरिंग कर चुका कुख्यात बदमाश तरुण को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। STF पलवल को सूचना मिली थी कि तरुण किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर एसटीएफ इंचार्ज अनिल छिल्लर और टीम ने गोछी नाला रोड पर घेराबंदी की।
जैसे ही तरुण मौके पर पहुंचा, पुलिस ने सरेंडर का इशारा किया। लेकिन तरुण ने देसी पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
STF ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। बता दें कि तरुण मानपुर गांव का रहने वाला है और कई गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस अब उससे अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है।