Summer express , अंकुर कपूर ,अंबाला। यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर अधिक सुविधाजनक और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अंबाला रेल मंडल लगातार नई पहल कर रहा है। इसी कड़ी में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन समेत मंडल के कई स्टेशनों पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन (AVM) स्थापित की जा रही हैं। इन मशीनों के जरिए यात्री बिना किसी कर्मचारी की सहायता के अपनी जरूरत का सामान आसानी से खरीद सकेंगे।
अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। एयरपोर्ट की तर्ज पर रेलवे स्टेशनों पर भी ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनों की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके लिए रेलवे की ओर से ऑक्शन प्रक्रिया करवाई गई थी। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर फिलहाल पांच AVM लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा मंडल के तीन से चार अन्य स्टेशनों पर भी मशीनों के लिए ऑक्शन हो चुका है और वहां इन्हें स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि AVM के माध्यम से यात्रियों को जरूरी सामान आसानी से उपलब्ध कराने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित मात्रा का भी ध्यान रखा जाएगा। रेलवे यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि यात्रियों को अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलें और खरीदारी के दौरान किसी तरह की ठगी की स्थिति न बने। इसके साथ ही स्टेशनों पर बेहतर ब्रांड और गुणवत्तापूर्ण खान-पान की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि रेलवे यात्रियों की अन्य सुविधाओं को भी लगातार बेहतर कर रहा है। एग्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम समेत कई यात्री सुविधाओं को विकसित करने का काम जारी है। आने वाले समय में स्टेशनों पर यात्रियों को कई अन्य नई सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेलवे यात्रियों ने ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन की सुविधा का स्वागत किया है। यात्रियों का कहना है कि मशीन के जरिए सामान खरीदना आसान हो गया है। उन्हें खुले पैसे रखने या दुकानों पर लंबी कतार में लगने की परेशानी से भी राहत मिलेगी। डिजिटल भुगतान की सुविधा होने से नकदी रखने की जरूरत भी कम होगी। यात्रियों के मुताबिक, जरूरत के समय मशीन से आसानी से सामान खरीदा जा सकता है और इससे यात्रा के दौरान समय की बचत होगी। यात्रियों ने रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसी और सुविधाएं शुरू करने की मांग की है।