Summer express ,राकेश, ऊना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीब 25 वर्षों के प्रशासनिक कार्यकाल, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यों और प्रधानमंत्री के तौर पर किए गए सेवा कार्यों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है।
इसी अभियान को लेकर भाजपा जिला ऊना कार्यकारिणी की बैठक में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं बिलासपुर के विधायक रणधीर शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ उन्हें वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के दौरान आम लोगों से विकसित भारत को लेकर सुझाव भी लिए जाएंगे और उन्हें इस लक्ष्य की प्राप्ति में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘एक दीया आशीर्वाद का’ अभियान भी शुरू होगा। इसके तहत देशभर के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अपने घर में एक दीपक जलाकर उन्हें आशीर्वाद देने का आह्वान किया जाएगा। भाजपा इस अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की तैयारी कर रही है।
अभियान के दौरान स्कूलों में विभिन्न कार्यशालाएं और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और उपलब्धियों को यात्रा तथा अन्य माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव और विचार भी वीडियो के माध्यम से रिकॉर्ड कर जनता के सामने रखे जाएंगे, ताकि लोग योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी हासिल कर सकें।
रणधीर शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में भाजपा कार्यकर्ता मंडल स्तर तक सेवा गतिविधियां संचालित करेंगे। स्वच्छता, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यकर्ता लोगों को इन गतिविधियों से जोड़ने के साथ वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।