सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। दूसरी ओर शहर में युवाओं को आकर्षित करने वाले लग्जरी बी.वाई.ओ.वाई. (Òिब्रंग यूअर ऑन बॉटल)आउटलेट्स का विस्तार चिंता का विषय बनता जा रहा है।
ऐसा ही एक मामला ‘यारां दा अड्डा’ नाम से चल रहे बीवाईओवाई को लेकर सामने आया है, जो एक नामी प्राइवेट स्कूल के आसपास स्थित बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल के आसपास इस तरह के शराब सेवन से जुड़े प्रतिष्ठान होने से बच्चों पर इसका सामाजिक और मानसिक प्रभाव पड़ सकता है। अभिभावकों के मुताबिक, जब बच्चे अपने माता-पिता के साथ इस रास्ते से गुजरते हैं और प्रतिष्ठान का नाम देखते हैं तो स्वाभाविक तौर पर सवाल करते हैं कि ‘पापा, ये यारां दा अड्डा क्या होता है?’ ऐसे में छोटे बच्चों को इस तरह की जगहों और उनके उद्देश्य के बारे में समझाना माता-पिता के लिए असहज स्थिति पैदा कर देता है।
स्कूलों के आसपास तय मानकों को स्पष्ट करे प्रशासन: अभिभावक
अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि स्कूलों, शिक्षण संस्थानों और बच्चों की आवाजाही वाले क्षेत्रों के आसपास बी.वाई.ओ.वाई. अथवा शराब से जुड़े प्रतिष्ठानों के लिए क्या नियम और दूरी के मानक निर्धारित हैं। यदि नियमों में ऐसी जगहों के लिए कोई प्रतिबंध या दूरी निर्धारित है तो उसकी जांच होनी चाहिए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
गुरुद्वारे से कुछ दूरी पर शराब ठेका धार्मिक भावनाओं को कर रहा आहत
मोहाली। सुहाना स्थित गुरुद्वारा साहिब से कुछ ही दूरी पर शराब का ठेका खोले जाने को लेकर धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। गुरुद्वारा साहिब के नजदीक शराब का ठेका होना और वहां लोगों द्वारा शराब का सेवन करना बिल्कुल गलत है। इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है।
सुहाना से कुछ ही दूरी पर जुबली वॉक में भी शराब का ठेका खोला गया है। इस संबंध में सिंह शहीदां सुहाना गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधकों और आसपास के रिहायशी इलाकों के लोगों की ओर से डिप्टी कमिश्नर को शिकायत दी गई थी। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से 100 मीटर के दायरे का नियम बताते हुए कार्रवाई की सीमा की बात कही गई। सुहाना स्थित प्रमुख गुरुद्वारा साहिब के आसपास शराब के ठेकों को लेकर अब संत समाज की ओर से भी चिंता जताई गई है।
श्री विभूषित 1008 महामंडलेश्वर श्री भ्रमरानंद गिरी जी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह बहुत प्रमुख गुरुद्वारा है और इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे धार्मिक स्थल के आसपास शराब की दुकान या ठेका होना उचित नहीं है।
किसी धार्मिक स्थल के आसपास शराब का ठेका खोलने के मामले को केवल दूरी के नियम तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। सिंह शहीदां सुहाना गुरुद्वारा साहिब के साथ लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में गुरुद्वारे के आसपास शराब की बिक्री और सेवन से धार्मिक वातावरण प्रभावित होता है।
भाई जितेंद्र पाल सिंह जेपी, प्रेसिडेंट
कलगीधर सेवा जत्था
गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना के नजदीक जुबली वॉक में शराब का ठेका खोला गया है। इसके अलावा थोड़ी दूरी पर एक स्कूल के नजदीक भी शराब का ठेका स्थित है। इस संबंध में गुरुद्वारा साहिब की कमेटी की ओर से इन ठेकों को हटवाने की मांग को लेकर मोहाली के उपायुक्त को लिखित मांगपत्र दिया गया था, लेकिन ढाई महीने बीत जाने के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
हरजिंदर सिंह, प्रधान
गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना