summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर लगाए गए आरोपों को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पलटवार किया है। अंबाला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान विज ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा को तेज गति से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब पंजाब में सरकार बनाने की तैयारी कर रही है।
दीपेंद्र हुड्डा की ओर से हरियाणा में नशे को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों तथा खेल सुविधाओं की अनदेखी किए जाने के आरोपों पर भी अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक आरोप लगते रहते हैं, लेकिन विकास कार्यों की तस्वीर खुद इन आरोपों का जवाब देती है।
विज ने कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल उठाते हुए अंबाला में भाजपा सरकार के दौरान विकसित की गई खेल सुविधाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंबाला में फीफा से अप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम तैयार किया गया है। इसके अलावा ऑल वेदर स्विमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल और बैडमिंटन हॉल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अगर इन विकास कार्यों के बावजूद किसी को खेल सुविधाएं दिखाई नहीं दे रही हैं तो उन्हें अपनी नजर का चश्मा बदलवा लेना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए दीपेंद्र हुड्डा से कहा कि उन्हें किसी अच्छे डॉक्टर को दिखाकर अपनी आंखों का चश्मा बदलवा लेना चाहिए, ताकि प्रदेश में हुए विकास कार्य स्पष्ट नजर आ सकें।
अनिल विज ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा में विकास और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के तेजी से आगे बढ़ने का दावा किया और कहा कि भाजपा का अगला लक्ष्य पंजाब में भी सरकार बनाना है।