summer express , बलिंदर कुमार, कैथल। शहर के लॉर्ड रामा सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल ने चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो नए डॉक्टरों को अपनी टीम में शामिल किया है। अस्पताल के एमडी सतेंद्र गर्ग ने बताया कि नई विशेषज्ञ सेवाओं के शुरू होने से कैथल और आसपास के क्षेत्र के मरीजों को एक ही छत के नीचे अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
सतेंद्र गर्ग ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से अस्पताल की ओर से मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में अस्पताल में ऑर्थो सर्जन, जनरल सर्जन, जनरल फिजिशियन, आईसीयू और एनेस्थीसिया सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हैं। अब यूरोलॉजी विभाग भी शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि यूरोलॉजी विभाग शुरू होने से गुर्दे और मूत्र संबंधी बीमारियों से परेशान मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। पथरी, पेशाब से जुड़ी समस्याओं और यूरोलॉजी से संबंधित अन्य बीमारियों के मरीज अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही मेडिकोलॉजी विभाग की सेवाएं भी शुरू की गई हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पात्र मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध कई उपचार और चिकित्सा सेवाओं का लाभ आयुष्मान योजना के तहत भी मिल रहा है। अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं को अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाना है।
सतेंद्र गर्ग ने बताया कि कैथल में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने में लॉर्ड रामा सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अस्पताल में ज्वाइंट रिप्लेसमेंट के क्षेत्र में भी आधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके अनुसार, अस्पताल में अब तक करीब 5,000 रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट किए जा चुके हैं। इसके अलावा यूनिकॉन्डाइलर रिप्लेसमेंट जैसी आधुनिक तकनीक भी उपलब्ध कराई गई है।
एमडी सतेंद्र गर्ग ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि मरीजों को आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का एक साथ लाभ देना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अस्पताल में नई चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार जारी रहेगा, ताकि कैथल और आसपास के लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में न जाना पड़े।