Summer express , फिरोजपुर । आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और दो वर्षीय मासूम पर हुए हमले के बाद छावनी परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। परिषद की टीम ने लगातार दूसरे दिन विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर 15 आवारा कुत्तों को रेस्क्यू किया। दो दिनों में अब तक 27 कुत्तों को पकड़ा जा चुका है।
सेनेटरी सुपरिंटेंडेंट अभिषेक पांडे के नेतृत्व में टीम ने ग्वाल मंडी, आजाद चौक, गली नंबर दो और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां आवारा कुत्तों की संख्या अधिक होने के साथ लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पकड़े गए कुत्तों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
अभियान के दौरान परिषद की टीम ने लोगों को भी जागरूक किया। अधिकारियों ने अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाला खाद्य पदार्थ सड़कों, गलियों या सार्वजनिक स्थानों पर खुले में न फेंकें। उनका कहना है कि खुले में खाना डालने से आवारा कुत्ते एक ही स्थान पर जमा होते हैं, जिससे उनकी संख्या बढ़ने के साथ लोगों के लिए खतरा भी बढ़ जाता है।
अभिषेक पांडे ने बताया कि छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामस्वरूप हरितावल के निर्देश पर आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान लगातार जारी रहेगा। छावनी क्षेत्र के सभी आठ वार्डों में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। जरूरत के अनुसार अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि लोगों को आवारा कुत्तों की समस्या से राहत मिल सके।
इससे एक दिन पहले बुधवार को भी परिषद की टीम ने अभियान चलाकर 12 आवारा कुत्तों को रेस्क्यू किया था। इस तरह लगातार दो दिनों में 27 कुत्तों को पकड़ा जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी अलग-अलग वार्डों में अभियान जारी रहेगा।
गौरतलब है कि आठ सितंबर को छावनी की गली नंबर एक में घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था। कुत्ते ने बच्चे को बुरी तरह नोच दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया था। लोगों ने छावनी परिषद से आवारा कुत्तों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद परिषद ने अभियान को तेज करते हुए विभिन्न इलाकों में कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की है।