एजेंसी| नई दिल्ली
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने वीर अब्दुल हमीद के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देश की रक्षा के लिए समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है। वीर अब्दुल हमीद ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान असाधारण वीरता का प्रदर्शन किया था। खेमकरण क्षेत्र के आसल उत्ताड़ की लड़ाई में उन्होंने दुश्मन के कई टैंकों को निशाना बनाकर भारतीय सेना की स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके अद्वितीय पराक्रम के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। बिरला ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और मातृभूमि की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।