Summer express/चिंतपूर्णी,विकास-: प्रसिद्ध मां चिंतपूर्णी मंदिर में एक बार फिर सुरक्षा कर्मियों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सामने आई है। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंची एक महिला श्रद्धालु का पर्स कहीं गुम हो गया, जिसमें करीब 4500 रुपये की नकदी सहित अन्य सामान मौजूद था।पर्स खोने के बाद महिला श्रद्धालु काफी परेशान हो गई। इसी दौरान मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पर्स की तलाश शुरू की। अपनी सतर्कता और सूझबूझ के चलते होमगार्ड टीम ने कुछ ही समय में पर्स बरामद कर लिया।
पर्स मिलने के बाद होमगार्ड इंचार्ज सरदार पूर्ण सिंह ने श्रद्धालु महिला से संपर्क कर उनका पर्स सुरक्षित रूप से वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ पर्स और उसमें रखी नकदी वापस मिलने पर महिला श्रद्धालु ने राहत की सांस ली और होमगार्ड टीम का आभार जताया।महिला श्रद्धालु ने सुरक्षाकर्मियों की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से श्रद्धालुओं का प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत होता है।चिंतपूर्णी धाम में सामने आई यह घटना होमगार्ड जवानों की ईमानदारी, जिम्मेदारी और सेवा भावना का सराहनीय उदाहरण है। स्थानीय स्तर पर भी होमगार्ड टीम के इस कार्य की प्रशंसा की जा रही है।