summer express , चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को पंजाब के पटियाला और मोहाली में कई ठिकानों पर छापामारी की। पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित एससीओ नंबर 29 में डीएम वेब सॉल्यूशन के कार्यालय पर ईडी की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि इस परिसर में कॉल सेंटर संचालित किया जाता था।
ईडी की टीम दो वाहनों में सवार होकर मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू करने के बाद कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों पर रोक लगा दी। बताया जा रहा है कि कॉल सेंटर 24 घंटे संचालित होता था। छापामारी के दौरान करीब 15 से 20 अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
इसी दौरान ईडी की एक अन्य टीम ने मोहाली के सेक्टर-82ए स्थित प्लॉट नंबर 2010 में भी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह ठिकाना एक आईपीएस अधिकारी से संबंधित है। हालांकि, छापामारी को लेकर ईडी की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की जांच में करीब 250 से 300 करोड़ रुपये के विदेशों में लेनदेन से संबंधित जानकारी सामने आई थी। इसी जांच के दौरान एजेंसी को मोहाली से जुड़े कुछ इनपुट मिले, जिसके आधार पर पटियाला और मोहाली में कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया है कि मोहाली स्थित कार्यालय की मालकिन के भाई का पटियाला में कार्यालय था। यही कार्यालय डीएम वेब सॉल्यूशन के नाम से संचालित किया जा रहा था। ईडी की टीम इस कार्यालय के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन और विदेशों में हुए कथित ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्यालय पहले फ्लाइंग फेदर के नाम से संचालित होता था। कुछ महीने पहले इसका नाम बदलकर डीएम वेब सॉल्यूशन कर दिया गया। फ्लाइंग फेदर का कार्यालय बाद में पटियाला की छोटी बरादरी में शिफ्ट किया गया था, लेकिन कुछ समय से वह कार्यालय भी बंद बताया जा रहा है।