summer express , लॉस एंजिल्स। अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मेट्रो बस हादसे की कवरेज कर रहे एक टीवी न्यूज चैनल के हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में जमीन पर मौजूद एक व्यक्ति की भी जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर के क्रू के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
यह हादसा सैन फर्नांडो वैली में नॉर्डहॉफ स्ट्रीट और डी सोटो एवेन्यू के चौराहे के पास हुआ। यह वही इलाका है, जहां इससे पहले एक मेट्रो बस और एसयूवी के बीच टक्कर हुई थी। बताया जा रहा है कि हादसे की लाइव कवरेज के लिए हेलिकॉप्टर मौके के ऊपर उड़ रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठा और नीचे जा गिरा।
हेलिकॉप्टर के गिरने के बाद इलाके में खड़े दो शिपिंग कंटेनरों और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर NBC लॉस एंजिल्स (KNBC-TV) का बताया जा रहा है। यह स्टेशन NBC4 के नाम से भी जाना जाता है और अमेरिकी नेटवर्क NBC से जुड़ा है। हालांकि, हादसे के पीछे की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों ने दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।