चंडीगढ़ | सिरसा की सांसद और कांग्रेस नेत्री कुमारी सैलजा ने फरीदाबाद के ऐतिहासिक अनंगपुर गांव में की जा रही तोड़फोड़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए तत्काल रोक की मांग की है। सैलजा ने कहा कि इस गांव का ऐतिहासिक महत्व है और इसे उजाड़ना संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने और प्रभावित परिवारों के लिए राहत व पुनर्वास की मांग की है।
सैलजा ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार गरीबों को हटाकर जमीन पूंजीपतियों को सौंपना चाहती है। उन्होंने कहा कि खोरी गांव मामले में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन थी, लेकिन अनंगपुर में बिना दस्तावेजी जांच के मकानों पर बुलडोजर चला दिया गया।
सांसद सैलजा ने गुरुग्राम में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध बेलगाम हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी बैठी है। उन्होंने कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।