गुड़गांव | गुड़गांव की पूजा हत्याकांड में सात महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस जघन्य मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मृतका पूजा के लिव-इन पार्टनर मुस्ताक अहमद के पिता और भाई बताए जा रहे हैं। दोनों को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से गिरफ्तार किया गया। बता दें कि पूजा की गला काटकर हत्या कर दी गई थी और उसका सिर अलग कर शव को एक नहर के नीचे फेंक दिया गया था।
हत्या के बाद से ही पुलिस आरोपी मुस्ताक को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जिसने पूछताछ में अपने पिता अली अहमद और भाई सद्दाम के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल की थी। आरोपियों ने पूजा को पहले अगवा किया, फिर जंगल में ले जाकर बेरहमी से मार डाला और शव को ठिकाने लगा दिया।
अब पुलिस की टीम आरोपी अली अहमद को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि पूजा का सिर भी बरामद किया जा सके। इस केस में हत्या में इस्तेमाल चाकू और बाइक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अब जांच के अगले चरण में जुट गई है, जिसमें अन्य सबूतों को इकट्ठा किया जा रहा है।