हरियाणा | हरियाणा के कई जिलों में सोमवार को तेज बारिश कहर बनकर टूटी। हिसार, अंबाला, रोहतक, सिरसा और रेवाड़ी समेत 10 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सबसे दर्दनाक हादसा नूंह जिले के चिरधिका गांव में हुआ, जहां देर रात एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में आठ साल के मासूम सिफान की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के वक्त घर में 18 सदस्य सो रहे थे। रात करीब 11 बजे अचानक मकान गिरने से पूरा परिवार मलबे में दब गया। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सभी को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज और पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है।
हादसे की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अंबाला में 206 मिमी और फरीदाबाद में 205 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। शाम के बाद भी कई हिस्सों में बारिश जारी रही, जिससे तापमान 28 से 34 डिग्री के बीच रहा।