Summer express/शिमला, संजू-: नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अब तस्करों की संपत्तियों और उनके आर्थिक नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने आरोपियों और उनके सहयोगियों से जुड़ी करीब 4.13 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियां जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, वित्तीय जांच में इन संपत्तियों का संबंध नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से पाया गया।
यह कार्रवाई पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज अभियोग संख्या 107, दिनांक 14 अगस्त 2024, धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में की गई। पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2024 को पुराना बस स्टैंड शिमला स्थित एक होटल से सूरज निवासी लखीसराय, बिहार, हाल दक्षिण दिल्ली और रोहित पाण्डे निवासी आरा, बिहार, हाल दक्षिण दिल्ली के कब्जे से करीब 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल की और अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।
19 लोगों से जुड़ी संपत्तियां जांच के दायरे में
ASP सिटी मेहर पंवर के अनुसार, वर्ष 2026 में इस मामले में वित्तीय जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपियों के साथ-साथ उनसे जुड़े व्यक्तियों की संपत्तियों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी खंगाली गई। इस प्रक्रिया में 9 आरोपियों और 10 एसोसिएट्स, यानी कुल 19 व्यक्तियों के नाम से जुड़ी संपत्तियां चिन्हित की गईं।पुलिस के अनुसार, जब्त की गई संपत्तियों में दो रेजिडेंशियल लैंड प्लॉट, दो आवासीय भवन, एक अपार्टमेंट, एक होम-स्टे और कई लग्जरी वाहन शामिल हैं। इनमें Mahindra Thar, Hyundai Creta, Maruti Suzuki Grand Vitara और Tata Nexon सहित अन्य वाहन भी शामिल हैं। कुल 20 संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 4.13 करोड़ रुपये आंका गया है।पुलिस का कहना है कि वित्तीय जांच के दौरान संबंधित आरोपियों और उनके सहयोगियों की इन संपत्तियों को खरीदने या अर्जित करने के लिए कोई पर्याप्त ज्ञात और वैध आय स्रोत सामने नहीं आया। उपलब्ध वित्तीय एवं संपत्ति संबंधी तथ्यों के परीक्षण के आधार पर इन्हें नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से जुड़ा पाया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 15 एनडीपीएस मामलों में 68 आरोपियों और उनके एसोसिएट्स से जुड़ी 12.52 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। इनमें रेजिडेंशियल और कमर्शियल लैंड प्लॉट, आवासीय अपार्टमेंट, कमर्शियल शॉप्स, लग्जरी व कमर्शियल वाहन, बैंक डिपॉजिट, नकदी और सोने के आभूषण शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 और 2025 में इस तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पुलिस का कहना है कि अब नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई केवल मादक पदार्थ बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित आर्थिक संसाधनों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत जब्त करने पर भी जोर दिया जाएगा।