summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। किसानों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा सरकार के आदेश के बाद अंबाला कैंट की अनाज मंडी में धान की सरकारी खरीद को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार से मंडी में धान की तुलाई शुरू होगी, जबकि शुक्रवार से किसानों के लिए ऑनलाइन गेट पास जारी किए जाएंगे।
किसान पिछले कई दिनों से धान की सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। अब सरकार के आदेश के बाद मंडियों में खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। अंबाला कैंट मंडी सचिव नीरज भारद्वाज ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार से धान की तुलाई शुरू कर दी जाएगी और शुक्रवार से ऑनलाइन गेट पास काटने की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडी में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। धान की खरीद के लिए मंडी प्रशासन ने तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। आढ़तियों को भी पर्याप्त मात्रा में तिरपाल और पॉलिथीन रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश या अन्य मौसम संबंधी परिस्थितियों में किसानों की फसल को सुरक्षित रखा जा सके।
मंडी में पहले से पड़ी गेहूं की फसल को लेकर मंडी सचिव ने बताया कि करीब एक लाख क्विंटल गेहूं अभी मंडी में मौजूद है। इसे भी जल्द उठवाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि धान की आवक के दौरान मंडी में किसानों को फसल उतारने में परेशानी न हो।
वहीं, सरकार की ओर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने के आदेश जारी होने के बावजूद कुछ किसानों में अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। किसानों का कहना है कि अब तक मंडी में सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है और न ही उनके गेट पास काटे गए हैं। किसानों ने मांग की है कि खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू कर उन्हें स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि वे अपनी फसल मंडी में ला सकें।