पंजाब | पंजाब में मानसून और पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार को कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अनुमान जताया है। सुबह से ही कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
बीते 24 घंटे में राज्य के तापमान में 1.7 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरदासपुर में सबसे अधिक 35 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में पारा इससे नीचे ही रहा। न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री के बीच रहा।
मौसम विभाग ने आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा में तेज हवाओं और बिजली के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।
विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। खासकर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में फिर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।