नई दिल्ली | कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक संयुक्त पत्र लिखकर केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने और लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग की है।
दोनों नेताओं ने कहा कि पांच साल बीतने के बावजूद जम्मू-कश्मीर के लोगों को अब तक राज्य का दर्जा वापस नहीं मिला, जो उनका संवैधानिक अधिकार है। पत्र में उन्होंने इस बात को भी दोहराया कि आजाद भारत में यह पहला उदाहरण है जब किसी राज्य को विभाजित कर उसे केंद्र शासित प्रदेश में बदला गया।
लद्दाख के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि छठी अनुसूची में शामिल करने से स्थानीय लोगों की पहचान, जमीन और अधिकारों की रक्षा हो सकेगी और उनकी सांस्कृतिक व राजनीतिक आकांक्षाएं भी पूरी होंगी।
उन्होंने पीएम मोदी के पिछले वादों का हवाला भी दिया, जिसमें प्रधानमंत्री ने राज्य का दर्जा बहाल करने की बात कही थी। अब सवाल उठ रहा है ,क्या केंद्र सरकार मानसून सत्र में कोई बड़ा फैसला लेने जा रही है?