summer express, अनिल मंगला, फरीदाबाद। भगोला फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार से स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक चलती कार की खिड़की से बाहर निकलकर कागज उड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवक काफी देर तक इसी तरह कार से स्टंट करते रहे।
वीडियो में तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर पर दौड़ती नजर आ रही है, जबकि उसमें सवार कुछ युवक खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उनके द्वारा कागज भी सड़क पर उड़ाए जा रहे थे। चलती सड़क पर इस तरह की हरकत से अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता था।
स्टंटबाजी का वीडियो किसी अन्य वाहन चालक ने रिकॉर्ड किया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के सामने वायरल वीडियो के आधार पर कार और उसमें सवार युवकों की पहचान करने की चुनौती है। पुलिस द्वारा वाहन की पहचान किए जाने के बाद संबंधित युवकों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।