summer express ,करनाल (राकेश कुमार शर्मा)। करनाल के असंध क्षेत्र के जलमाना कस्बे में पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मकान पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, रिहायशी इलाके में बिना लाइसेंस के पटाखे बनाने का काम चल रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मौके पर मौजूद पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
डीएसपी गोरखपाल राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जलमाना में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में अवैध तरीके से पटाखों का निर्माण किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर की जांच की गई और वहां रखे पटाखों व अन्य सामग्री को कब्जे में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मकान में पटाखों के निर्माण के लिए किसी तरह की वैध अनुमति या लाइसेंस नहीं लिया गया था। रिहायशी क्षेत्र में इस तरह की गतिविधि संचालित होने से आगजनी या विस्फोट जैसी घटना का खतरा बना हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई के बाद अवैध गतिविधि को बंद करवाते हुए बरामद सामग्री को जब्त कर लिया।
त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। असंध और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस टीमें संदिग्ध स्थानों पर निगरानी और जांच कर रही हैं। पुलिस की नजर बंद पड़े मकानों, गोदामों, रिहायशी परिसरों और पोल्ट्री फार्मों पर भी है, जहां अवैध रूप से पटाखे जमा किए जाने या बनाए जाने की शिकायत मिल सकती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिला मजिस्ट्रेट या संबंधित लाइसेंसिंग अथॉरिटी की अनुमति के बिना पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जलमाना में हुई कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।