जालंधर | भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद सेंट्रल हलके के विधायक रमन अरोड़ा के बेटे राजन अरोड़ा को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने राजन की गिरफ्तारी पर 24 सितंबर तक रोक लगा दी है, लेकिन साथ ही आदेश दिया है कि वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेगा।
राजन अरोड़ा लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी था। आशंका जताई जा रही थी कि वह दुबई में छिपा है। अब कोर्ट के निर्देश के बाद उसे जांच में शामिल होना होगा।
वहीं, विधायक रमन अरोड़ा ने नियमित जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। रमन अरोड़ा को 23 जून को विजिलेंस ने भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। अब सभी की नजर इस पर है कि राजन अरोड़ा आखिर कब और कैसे जांच में सामने आता है।