एजेंसी | काबुल
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान में हवाई हमले किए हैं। अफगान तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, बुधवार देर रात और गुरुवार तड़के कुनार तथा हेलमंद प्रांत में किए गए हमलों में नौ लोगों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए।
उनके मुताबिक मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हमलों में तीन मकान तबाह होने की बात भी कही गई है। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके विपरीत पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने अफगानिस्तान में दो स्थानों पर सटीक हवाई कार्रवाई की और वहां मौजूद हथियारबंद समूहों के ठिकानों को नष्ट किया। पाकिस्तान के अनुसार शुरुआती रिपोर्ट में 22 लड़ाकों के मारे जाने की जानकारी है। उसका दावा है कि कार्रवाई के दौरान नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए अधिकतम सावधानी बरती गई। दोनों देशों के दावों में बड़ा अंतर है और फिलहाल किसी पक्ष के हताहतों के आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अफगान सरकार ने पाकिस्तानी कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे अपनी संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन बताया है। तालिबान के मंत्री नूरुल्लाह नूरी ने भी पाकिस्तान को अफगानों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेने की चेतावनी दी है। दूसरी ओर पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान में मौजूद हथियारबंद समूह उसके खिलाफ सीमा पार हमलों में शामिल हैं। काबुल इन आरोपों से इनकार करता है और इसे पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा समस्या बताता है।
दोनों देशों के बीच सीमा पार संघर्ष और हवाई हमलों की कई घटनाएं हुई हैं। सितंबर में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 28 से अधिक लड़ाकों को मारने का दावा किया था, जबकि अफगान पक्ष ने नागरिकों के मारे जाने की जानकारी दी थी।