summer express , अंकुर कपूर,अंबाला। अंबाला छावनी स्थित कांग्रेस भवन में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और महात्मा गांधी के समर्थन में नारे लगाए।
कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंबाला छावनी परविंद्र सिंह परी ने शहरवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
परविंद्र सिंह परी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा समय में युवा, किसान, व्यापारी और मजदूर समेत विभिन्न वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोरी और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंकेगी।