समर न्यूज | पंचकूला
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हरियाणा के पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने नमो क्रिकेट लीग में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का खेलों के प्रति गहरा उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने न केवल खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की, बल्कि खुद पिच पर उतरकर बल्ला भी थामा। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने गेंदबाजी की, जिस पर सीएम धामी ने बेहतरीन शॉट जड़कर गेंद को बाउंड्री पार पहुंचा दिया। उनके इस शॉट पर पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मैदान पर चौका लगाने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित जनसमूह और खिलाड़ियों को नशे के खिलाफ एकजुट होने की शपथ दिलाई। उन्होंने ‘नशे को ना, खेल को हां’ का नारा देते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा गलत आदतों में बर्बाद करने के बजाय खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाएं। उन्होंने कहा कि आज के युवा को नशे की गिरफ्त में नहीं, बल्कि खेल के मैदान में पसीना बहाते दिखना चाहिए।
संबोधन के दौरान सीएम धामी ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह अनुशासन, रोजगार, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रीय गौरव का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने केंद्र सरकार की खेल नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
इसी का परिणाम है कि आज छोटे-छोटे कस्बों और गांवों से निकलकर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। जब तिरंगा लहराता है और राष्ट्रगान बजता है, तो प्रत्येक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। युवाओं को कड़ा संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि नशा दीमक की तरह जीवन को भीतर से खोखला कर देता है और परिवारों को बर्बाद कर देता है।
इसलिए यदि जीवन में कोई लत लगानी ही है तो खेलों की लगाएं और यदि कोई बड़ा सपना देखना है तो भारत को एक सशक्त व आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का देखें। एक युवा के सुधरने से पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ की थीम पर आधारित इस टूर्नामेंट में पांच राज्यों की 3,200 से अधिक टीमों और 50 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया है, जिनमें से 32 टीमें पंचकूला में आयोजित ग्रैंड फिनाले में पहुंची हैं। सीएम धामी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं।