क्षेत्र वासियों ने पूर्व विधायक के नेतृत्व में किया प्रदर्शन
समर न्यूज | जीरकपुर
जीरकपुर तथा इसके आसपास के इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमाने पर इलाके के लोगों ने गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एन.के.शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।
एनके शर्मा ने पंजाब सरकार पर ‘मिशन क्लीन पंजाब’ से लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है इस अभियान के झूठे प्रचार और विज्ञापन लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बावजूद धरातल पर हकीकत कोसो दूर है। एनके शर्मा ने कहा कि नेचर पार्क, बलटाना के आसपास कई रिहायशी सोसायटियां हैं। यहां लोग सुबह सैर तथा व्यायाम के लिए आते हैं। जिस जगह को लोगों की बेहतर सेहत और स्वच्छ वातावरण के लिए बनाया गया था, वही जगह आज डंपिंग ग्राउंड में तब्दील हो चुकी है। लोगों को गंदगी, बदबू और अस्वच्छ वातावरण का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व सरपंच प्रेम सिंह, जरनैल सिंह, जसवंत सिंह, जोगिंदर सिंह, अंकिता कटारिया, सुमन, अमन, दिलबाग सिंह बागी तथा धर्मेंद्र कुमार ने पूर्व विधायक को बताया कि यहां बन रहे डंपिंग ग्राउंड के कारण लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। पंचकूला का कचरा भी यहां गिराया जा रहा है।