summer express, फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट्स में शाम खेलते समय धक्का देने को लेकर हुए विवाद में एक 13 वर्षीय बच्चे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि 15 वर्षीय किशोर ने विवाद के दौरान बच्चे की छाती में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कन्नू के रूप में हुई है। उसके चाचा इकबाल के अनुसार, कन्नू सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट्स में परिवार के साथ रहता था और एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। शाम करीब सात बजे वह ब्लॉक नंबर-14 स्थित घर के बाहर अपनी एक वर्षीय बहन चाहत के साथ खेल रहा था। इसी दौरान ब्लॉक नंबर-13 में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर वहां पहुंचा और दोनों साथ खेलने लगे।
परिजनों के मुताबिक, खेलते समय दोनों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान किशोर ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया। घटना के बाद आरोपी चाकू लेकर मौके से भाग गया। पुलिस की जांच में एक बच्चे ने बताया कि आरोपी ने कन्नू की छाती में चाकू घोंपने के बाद उसे कथित तौर पर तीन बार घुमाया था। यह बच्चा घटना के समय मौके पर मौजूद था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों ने कन्नू के परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे घायल हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कन्नू के पिता यामिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। वह पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में परिवार के साथ रह रहे हैं और कबाड़ का काम करते हैं। करीब पांच साल पहले उन्होंने सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट्स में मकान खरीदा था। परिवार में कन्नू से बड़ी एक बहन और एक बड़ा भाई आमिर है, जिसकी शादी दीपावली के बाद प्रस्तावित है।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के कारणों और आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है।