summer express,लुधियाना (राज)। लुधियाना में सड़क हादसे ने एक होनहार खिलाड़ी की जिंदगी छीन ली। एल्पाइन स्कूल की 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय हैंडबॉल खिलाड़ी अंशिका की शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के दौरान ईंटों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली का पिछला टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की पूरी घटना कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंशिका शाम करीब चार बजे मंदिर के पुजारी के साथ स्कूल में हैंडबॉल मैच की अंतिम प्रैक्टिस के लिए जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक्टिवा पर तीन लोग सवार थे और अंशिका सबसे पीछे बैठी थी। इसी दौरान उनके पास से ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी। सामने से एक अन्य एक्टिवा आने के बाद संभावित टक्कर से बचने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
अचानक ब्रेक लगने से एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर फिसल गई। तीनों सवार सड़क पर गिर गए। इस दौरान सबसे पीछे बैठी अंशिका ट्रैक्टर-ट्रॉली की तरफ जा गिरी। इसी बीच करीब 20 टन ईंटों से लदी ट्रॉली का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के बाद अंशिका को स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMC) पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अंशिका एक प्रतिभाशाली हैंडबॉल खिलाड़ी थी और मंगलवार को उसे पंजाब स्टेट लेवल हैंडबॉल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए बठिंडा जाना था। परिवार बेटी को प्रतियोगिता में भेजने की तैयारियों में जुटा था, लेकिन हादसे के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। उसके पिता अमित राय प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं।
पुलिस ने हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को केस प्रॉपर्टी के तौर पर कब्जे में ले लिया है। जांच अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार समेत संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।