summer express ,रोहतक। रोहतक की CIA-1 टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सांपला के कुलताना रोड से दो आरोपियों को 3 किलो 772 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सांपला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
CIA-1 टीम को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अफीम लेकर सांपला क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुलताना रोड स्थित पुल के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान पैदल जा रहे दो संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद बैग से 3 किलो 772 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अफीम छत्तीसगढ़ से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई रोहतक में की जानी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत जिले के धनाना गांव निवासी 42 वर्षीय राज सिंह और 28 वर्षीय टिंकू के रूप में हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों छत्तीसगढ़ से रोहतक तक किस माध्यम से पहुंचे और यहां अफीम की सप्लाई किस व्यक्ति को की जानी थी।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पैदल ही जा रहे थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी राज सिंह पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ भिवानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह सात साल की सजा काट चुका है। करीब दो साल पहले ही वह जेल से बाहर आया था।
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 772 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान नशे की इस खेप से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।