summer express ,पलवल (सुन्दर कुंडू) | पलवल के नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में बुधवार को जिला स्तरीय सेवा ज्योति संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में होडल विधायक हरेंद्र सिंह और हथीन विधायक इसराइल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में होडल विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि पलवल जिले में आयोजित सेवा ज्योति संकल्प यात्रा में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार की ओर से सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाएं और परियोजनाएं लागू की जा रही हैं, जिनका लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है।
हरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। देश के युवा इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और प्रधानमंत्री के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और उन्होंने नागरिकों से भी देशहित में योगदान देने का आह्वान किया है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और लोगों ने सेवा ज्योति संकल्प यात्रा में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।