Summer express, ऊना (राकेश)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के रिहायशी मकान से 486 ग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) और 3 लाख 34 हजार 800 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना सदर ऊना की टीम ने सब इंस्पेक्टर संजय लखनपाल के नेतृत्व में लोअर बहडाला में कार्रवाई की। इस दौरान वार्ड नंबर 7, लोअर बहडाला, तहसील एवं जिला ऊना निवासी राजेश कुमार के रिहायशी मकान की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 486 ग्राम चूरा पोस्त और 3,34,800 रुपये की नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और नकदी के संबंध में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस सप्लाई चेन के साथ-साथ नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि आसपास कहीं चिट्टा, हेरोइन या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।