summer express, घुमारवीं। हिमाचल प्रदेश के घुमारवीं स्थित गांधी चौक पर शुक्रवार को नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए कूड़े से भरे तीन टेंपो खाली कर दिए। इससे मुख्य चौक पर कूड़े के ढेर लग गए और बाजार में आने-जाने वाले लोगों सहित राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों ने वार्ड नंबर सात के बजोहा वार्ड में एक व्यक्ति पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद के सफाई कर्मचारी शुक्रवार सुबह घरों से कूड़ा उठाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बजोहा वार्ड में एक व्यक्ति पर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना से नाराज सफाई कर्मचारियों ने गांधी चौक पर कूड़ा डालकर अपना विरोध दर्ज कराया। देखते ही देखते मुख्य चौक पर कूड़े के ढेर जमा हो गए, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई।
घटना की सूचना मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार, कार्यकारी अधिकारी खेम चंद वर्मा और संबंधित पार्षद मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों की नाराजगी को देखते हुए नगर परिषद में आपात बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया कि मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने गांधी चौक पर फेंका गया कूड़ा स्वयं उठाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
एसडीएम अभिषेक बरवाल ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। मामले में तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने से आम लोगों को परेशानी होती है।