Summer express, पलवल, सुन्दर कुंडू। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में शुक्रवार को 59वीं हरियाणा राज्य विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की माता रतना देवी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी जसबीर तेवतिया और हुकुमचंद गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई 22 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ली। यह प्रतियोगिता लड़कों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लिए आयोजित की जा रही है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी हैं, क्योंकि खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। प्रतियोगिता पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है और विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी जसबीर तेवतिया ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 850 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।